प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सूरत में हादसा, औरंगाबाद के रोहित की मौत

सूरत में छत से गिरकर औरंगाबाद के युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

सूरत में रात की ड्यूटी से लौटने के बाद छत पर टहल रहे औरंगाबाद के युवक रोहित कुमार उर्फ विक्की ठाकुर का पैर फिसलने से नीचे गिरकर निधन हो गया।

सूरत में छत से गिरकर औरंगाबाद के युवक की दर्दनाक मौत गांव में पसरा मातम

Aurangabad Youth Dies After Falling From Terrace in Surat |

औरंगाबाद (बिहार)। जिले के एक युवक की गुजरात के सूरत में छत से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार की अहले सुबह की है। युवक के असमय निधन से उसके गांव गंगटी में मातम पसरा हुआ है और परिवार में कोहराम मचा है।

कुछ महीने पहले ही रोजगार की तलाश में सूरत गया था विक्की

मृतक की पहचान औरंगाबाद शहर के वार्ड नंबर 31 स्थित गंगटी गांव निवासी मुरारी ठाकुर के पुत्र रोहित कुमार उर्फ विक्की ठाकुर के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रोहित अविवाहित था। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करने के लिए कुछ महीने पहले ही रोजगार की तलाश में सूरत गया था। वहां वह एक निजी फैक्ट्री में काम कर किराए के क्वार्टर में अपने साथियों के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार रोहित बेहद मेहनती, मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक था।

छत पर टहलने के दौरान अचानक पैर फिसला

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे रोहित अपनी रात्रि ड्यूटी समाप्त कर अपने क्वार्टर पर लौटा था। थकान के बावजूद उसने खाना खाया और उसके बाद कुछ देर टहलने के उद्देश्य से वह छत पर चला गया। छत पर टहलने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नीचे आ गिरा। नीचे गिरते ही उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

आसपास मौजूद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने घटना देखी तो अफरा-तफरी मच गई। सभी ने मिलकर आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना से परिवार में चीख-पुकार

इधर, घटना की सूचना जैसे ही औरंगाबाद स्थित उसके पैतृक घर पर पहुंची, पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, पिता और भाई बेसुध हैं। पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक के चाचा मंटू ठाकुर ने बताया कि रोहित से पूरे परिवार को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। परिजन सूरत से शव लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं और गांव में हर आंख नम है। 

यह भी पढ़ेंः मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर ब्रह्मपुत्र मेल से बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

Related to this topic: