राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने प्रतियोगी परीक्षार्थियों को दी जाने वाली रियायती एवं निशुल्क यात्रा सुविधा में पारदर्शिता लाने और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है।
डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने प्रतियोगी परीक्षार्थियों को दी जाने वाली रियायती एवं निशुल्क यात्रा सुविधा में पारदर्शिता लाने और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ लेने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
परीक्षा शुरू होने से 36 घंटे पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन
नए आदेशों के तहत अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 36 घंटे पहले राजस्थान रोडवेज के रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करना होगा। इसके बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा और कोई नया रजिस्ट्रेशन स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीडवाना डिपो के यातायात प्रबंधक सुजल महर्षि ने बताया कि निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर बनाए गए प्रतियोगी परीक्षार्थी पंजीयन पोर्टल पर अभ्यर्थियों को परीक्षा संबंधी पूरा विवरण भरना होगा। साथ ही एडमिट कार्ड अपलोड करना भी अनिवार्य किया गया है। पंजीकरण प्रक्रिया मोबाइल ओटीपी सत्यापन के बाद पूरी होगी।
ईटीआईएम मशीन से होगा रोल नंबर का मिलान
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों का रोल नंबर रोडवेज की ईटीआईएम मशीन के मास्टर डाटाबेस में जोड़ दिया जाएगा। बस में टिकट जारी करते समय परिचालक ईटीआईएम मशीन में दर्ज रोल नंबर का मास्टर डाटा से मिलान करेंगे। वैध रोल नंबर पाए जाने पर ही प्रतियोगी परीक्षा श्रेणी में रियायती टिकट जारी होगा। सुजल महर्षि ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने से फर्जी टिकट और गलत तरीके से रियायत लेने के मामलों पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
प्रतियोगी छात्रों ने किया स्वागत, रोडवेज से रखी यह मांग
वहीं, प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवाओं ने भी इस नई व्यवस्था का स्वागत किया है। परीक्षार्थी तनवीर कुमार का कहना है कि इस कदम से निशुल्क यात्रा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी। हालांकि युवाओं ने यह मांग भी उठाई है कि किसी मजबूरीवश यदि किसी अभ्यर्थी का समय पर रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाए, तो उसके लिए भी रोडवेज को वैकल्पिक व्यवस्था रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में ईद से पहले बिका 'डोनाल्ड ट्रंप' जैसा दिखने वाला सफेद भैंसा