जिले में लगातार बढ़ रही गौ-तस्करी और गौ-वंश पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में धार्मिक और सामाजिक संगठन बजरंग सेना ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
रीवा {मध्यप्रदेश}: जिले में लगातार बढ़ रही गौ-तस्करी और गौ-वंश पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में धार्मिक और सामाजिक संगठन बजरंग सेना ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने गौ-तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और आरोपियों पर रासुका जैसी कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रासुका के तहत कार्रवाई की मांग
बजरंग सेना ने अपने ज्ञापन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय गौ-तस्करों और गौ-हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कदम उठाए जाने चाहिए। बजरंग सेना के सत्यम पांडे ने बताया कि 28 जून को समान थाना क्षेत्र में दो महिलाओं को कथित तौर पर गौ-मांस की तस्करी करते हुए पकड़ा गया था। संगठन का आरोप है कि ये महिलाएं केवल एक कड़ी हैं और इनके पीछे लंबे समय से सक्रिय एक बड़ा गौ-तस्करी गिरोह काम कर रहा है। उन्होंने पुलिस से पूरे नेटवर्क की गहन जांच की मांग की।
गौशाला के पास अवशेष मिलने से नाराजगी
संगठन का आरोप है कि बिछिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबाग गौशाला के आसपास आए दिन गौ-वंश के अवशेष मिलने की घटनाएं सामने आती हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार पुलिस प्रशासन को जानकारी दी गई, लेकिन पर्याप्त गश्त और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।
संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बजरंग सेना सहित अन्य हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि रीवा जिले में इस तरह की घटनाओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। समान थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि पकड़ी गई दोनों महिलाओं से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: रायबरेली में बैंक अधिकारी बनकर ठगी, लिफाफा बदलकर बुजुर्ग के सोने के गहने लेकर फरार