श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में शुक्रवार को चौमहला कस्बे में लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया।
झालावाड़ {राजस्थान}: श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में शुक्रवार को चौमहला कस्बे में लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। चौमहला एवं गंगधार क्षेत्र के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर बाइक रैली निकाली तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी गंगधार को ज्ञापन सौंपकर दोषियों को मृत्यु दंड देने की मांग की।
विरोध में निकली बाइक रैली
रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। इस दौरान लोगों ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कानून लागू करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। रैली में शामिल लोगों ने कहा कि मासूम बच्चियों के साथ होने वाले जघन्य अपराध पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हैं और ऐसे मामलों में त्वरित न्याय मिलना आवश्यक है।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि श्रीगंगानगर की घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई कर आरोपियों को मृत्यु दंड दिया जाए। साथ ही पीड़ित बालिका को समुचित सुरक्षा, आर्थिक सहायता और हर संभव सरकारी सहयोग उपलब्ध कराया जाए। मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की भी मांग उठाई गई।
महिला सुरक्षा पर जताई चिंता
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानून का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके। उन्होंने सरकार से प्रदेशभर में महिला सुरक्षा के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने की अपील भी की।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान चौमहला व्यापार संघ के पदाधिकारी, चौमहला एवं गंगधार के व्यापारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े: यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चंदौली पुलिस ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान