आजमगढ़ के मुबारकपुर में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के मामले में नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर डिजिटल हस्ताक्षर की कूटरचना का आरोप है।
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के मामले में नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के एक आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अधिशासी अधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षरों की कूटरचना कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने का आरोप है। पुलिस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
जांच में मिले फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर
नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म एवं मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह ने मुबारकपुर थाने में 12 जुलाई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका परिषद के अभिलेखों में दर्ज नहीं है। जांच में प्रमाण पत्र पर कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।
धनराशि लेकर तैयार किया था फर्जी प्रमाण पत्र
जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और वायरल ऑडियो से पता चला कि विदेश में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने भतीजे अब्दुल करीम के माध्यम से नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद से संपर्क किया था। आरोप है कि खुर्शीद ने धनराशि लेकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर दिया।
सरकारी अभिलेखों में इस्तेमाल करने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, इस प्रमाण पत्र का इस्तेमाल राशन कार्ड समेत अन्य सरकारी अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के उद्देश्य से किया जाना था। मंगलवार को मुबारकपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोडवेज तिराहे से आरोपी खुर्शीद पुत्र जफर अहमद, निवासी पूरारानी, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला न्यायालय चालान कर दिया गया है।
यह भी पढ़े: सहारनपुर में जमीन हड़पने के आरोप में वांछित गिरफ्तार, 15 मुकदमों का आरोपी पुलिस के शिकंजे में