हरदोई के संडीला क्षेत्र में 30 से अधिक गांवों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित होने का दावा किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने प्रभावितों से मिलकर प्रशासन से राहत के कदम उठाने की मांग की।
Over 30 Villages Hit by Floods in Hardoi, Congress Leader Anshu Awasthi Targets MLA |
हरदोई (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने स्थानीय विधायक पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बाढ़ प्रभावित गांव कटका का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और मदद का भरोसा दिया। उन्होंने दावा किया कि भटपुर, कटका-कटकी, तुलसीपुर, भंभुआ समेत 30 से अधिक गांवों में पिछले 10 दिनों से बाढ़ का पानी भरा हुआ है, जिससे हजारों परिवार प्रभावित हैं। अंशू अवस्थी ने स्थानीय प्रशासन और अपर जिलाधिकारी से बातचीत कर जल्द राहत और जरूरी कदम उठाने की मांग की। साथ ही, उन्होंने सवाल उठाया कि संकट के समय स्थानीय विधायक प्रभावित लोगों के बीच क्यों नहीं पहुंचीं।
घरों में पानी भरने से परेशान हैं ग्रामीण
अंशू अवस्थी ने कहा कि संडीला क्षेत्र के कटका-कटकी समेत 30 से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। उनके मुताबिक, कई परिवारों की गृहस्थी पानी में डूब गई है और लोग घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि 10 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

लोग बाढ़ से परेशान हैं, विधायिका जी कहां हैं?
कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने स्थानीय विधायक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब किसी क्षेत्र की बड़ी आबादी बाढ़ जैसी आपदा से जूझ रही हो, तब जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है कि वह मौके पर पहुंचे, लोगों की समस्याएं सुने और प्रशासन से राहत दिलाने के लिए पहल करे।
उन्होंने कहा कि विधायक की जिम्मेदारी केवल उद्घाटन और फीता काटने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। अंशू अवस्थी ने आरोप लगाया कि विधायक ने प्रभावित लोगों की परेशानी जानने या उनकी मदद करने की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने कहा कि संकट के समय जनता को अपने जनप्रतिनिधि से सहयोग और संवेदनशीलता की उम्मीद होती है।

जनता ने मुसीबत में आवाज बनने के लिए चुना है
अंशू अवस्थी ने कहा कि चुनाव के समय घर-घर पहुंचने और संकट के दौरान जनता के बीच मौजूद रहने के बीच का अंतर ही असली सवाल है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपने प्रतिनिधि को इसलिए चुना है, ताकि वह मुश्किल समय में उनकी आवाज बने और उनकी समस्याओं को सामने रखे।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि संडीला के बाढ़ प्रभावित लोग पूछ रहे हैं कि दस दिन से पानी में डूबे इलाके में विधायक की मौजूदगी कब होगी। उन्होंने विधायक से जनता के प्रति अपनी जवाबदेही समझने और संकट की इस घड़ी में लोगों के साथ खड़े होने की अपील की।

स्थानीय प्रशासन से जल्द राहत देने की मांग
अंशू अवस्थी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय प्रभावित परिवारों की मदद को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और अपर जिलाधिकारी से बातचीत कर क्षेत्र में बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
उनके अनुसार, अपर जिलाधिकारी ने समस्या के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। अंशू अवस्थी ने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं को दूर करना उनकी जिम्मेदारी है और प्रशासन को राहत के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: ब्रजेश पाठक बोले- ऊर्जा के क्षेत्र में सशक्त यूपी बनेगा आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव