सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र में कुत्तों के झुंड के हमले में एक 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। आलमपुर खुर्द गांव में सात वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मेला देखने जा रहा था मासूम
बताया गया कि आलमपुर खुर्द निवासी जुगल किशोर पिछले करीब छह-सात वर्षों से परिवार के साथ रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था। मूल रूप से वह रामपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। उसका सात वर्षीय बेटा मुन्नू पास के गांव खुर्रमपुर म्हाड़ी में लगे मेले को देखने के लिए अकेला जा रहा था।
आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चे को घेरा
परिजनों के मुताबिक, मेला स्थल से करीब सौ मीटर पहले ही आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चे को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को उपचार के लिए सीएचसी बेहट लेकर गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे का परीक्षण किया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं कराने का आग्रह किया।
पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस द्वारा पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने मूल निवास रामपुर जिले ले गए।मेले में जाने की मासूम की खुशी कुछ ही देर में परिवार के लिए मातम में बदल गई। घटना के बाद इलाके में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ेंः बहराइच में तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 7 साल की मासूम को कुचला