प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

Police arrest eight accused individuals

सूरजपुर में पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 8 आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर के प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद डायल-112 टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सूरजपुर में पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार 8 आरोपी गिरफ्तार

Police arrest eight accused individuals in Surajpur |

सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के रामपुर-खजुरी मार्ग पर हुए सड़क हादसे के बाद डायल-112 की टीम पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे जिले में चर्चित इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

ट्रक से टकराने के कारण तीन की मौत

गौरतलब है कि 19 जून की रात रामपुर-खजुरी मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के कारण बाइक सवार चार युवकों में से तीन की मौत हो गई थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य शुरू किया।

दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया 

पुलिस के अनुसार, आरक्षक निशांत टोप्पो एवं चालक विजय कुमार पटेल दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाने के बाद पुनः घटनास्थल लौटे थे। इसी दौरान वहां मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने डायल-112 वाहन को घेर लिया। भीड़ ने देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए आरक्षक और चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी तथा देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोपियों ने आरक्षक की फाड़ी वर्दी 

हमले में आरक्षक निशांत टोप्पो को आंख, सिर, सीने, पैर और कंधे में चोटें आईं, जबकि चालक विजय कुमार पटेल को भी सिर, पीठ और दोनों कंधों में चोट लगी। आरोपियों ने आरक्षक की वर्दी तक फाड़ दी। बाद में दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और मामले में विधिवत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण 

आरक्षक निशांत टोप्पो की शिकायत पर थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 221, 132, 121(1), 191(2) एवं 190 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए तथा साक्ष्य एकत्रित किए। आरक्षक की फटी हुई वर्दी को भी जब्त कर प्रकरण में शामिल किया गया।

पहचान परेड के बाद 8 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम बैकोना निवासी मुकेश पैकरा, प्रकाश पैकरा उर्फ जीरा, करमसाय पैकरा, नरेश कुमार पैकरा, शिवसागर पैकरा, अभय पैकरा, पारसनाथ पैकरा एवं रामकेवल पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड कराई गई, जहां प्रार्थी आरक्षक निशांत टोप्पो और चालक विजय कुमार पटेल ने सभी आरोपियों की पहचान की।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी, जांच जारी

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को 23 जून को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार किया गया और गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर 7 जुलाई 2026 तक न्यायिक रिमांड की मांग की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कर्मचारियों पर हमला, शासकीय कार्य में बाधा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। मामले की विवेचना अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी

यह भी पढ़ें:   छिंदवाड़ा से आए मजदूर का गन्ने के खेत में मिली शव, मौत का रहस्य बना पहेली
 

Related to this topic: