जौनपुर के केराकत क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, तीन तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
Police Arrest Suspect, Recover Stolen Motorcycle and Three Country-Made Pistols |
जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। केराकत कोतवाली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, तीन तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
चेकिंग के दौरान पकड़ाया युवक
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम कुसरना-नारायणपुर बार्डर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली गई।
आरोपी की पहचान जौनपुर के करन यादव के रुप मे हुई
पूछताछ में आरोपी की पहचान करन यादव पुत्र अभिमन्यु यादव, निवासी लेबरुआ, थाना चन्दवक, जौनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक .32 बोर का तमंचा, दो .315 बोर के तमंचे, एक जिंदा .32 बोर कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल संख्या UP65DC 2791 बरामद हुई।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। केराकत थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में दो मुकदमे, जबकि गाजीपुर के खानपुर थाने में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनोद त्रिपाठी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़ेंः हाथरस में विद्युत संविदाकर्मी का बीयर पीते वीडियो वायरल, विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल