चंबल की रेत के अवैध परिवहन में कार्रवाई से बचने के लिए ट्रैक्टर चालक ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सड़क पर चल रहे दूसरे वाहनों के लिए खतरा खड़ा कर दिया।
मुरैना {मध्यप्रदेश}: चंबल की रेत के अवैध परिवहन में कार्रवाई से बचने के लिए ट्रैक्टर चालक ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सड़क पर चल रहे दूसरे वाहनों के लिए खतरा खड़ा कर दिया। पुलिस का पीछा शुरू होते ही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का हाइड्रोलिक उठाया गया और चलते ट्रैक्टर से सड़क पर रेत गिराई जाने लगी। कुछ ही दूरी में हाईवे पर रेत की परत बिछ गई।
पुलिस को पीछे देख बढ़ाई ट्रैक्टर की रफ्तार
बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना पुलिस रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा कर रही थी। पुलिस वाहन को पीछे देख चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पीछा छुड़ाने के लिए उसने ट्रॉली का हाइड्रोलिक उठाकर रेत सड़क पर उड़ेलना शुरू कर दिया। वीडियो में ट्रैक्टर के पीछे सड़क पर लगातार रेत गिरती दिखाई दे रही है।
काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
पुलिस टीम ने पीछा नहीं छोड़ा और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। इस पूरे घटनाक्रम ने अवैध रेत परिवहन के साथ-साथ कार्रवाई से बचने के लिए अपनाए जा रहे जोखिम भरे तरीकों को भी सामने ला दिया है। पुलिस द्वारा वाहन और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: मनकापुर में छिनैती का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; कैमरे, मोबाइल और कार बरामद