ग्वालियर में एक पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं।
ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कंपू थाना क्षेत्र स्थित नवीन लोहा मंडी के पास पुलिसकर्मी की मौत की सूचना मिलने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। मृत पुलिसकर्मी की पहचान पुलिस लाइन में तैनात अंकित सिंह तोमर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पिछले दो दिनों से ही लापता थे अंकित सिंह तोमर
बताया जाता है कि अंकित सिंह तोमर पिछले दो दिनों से ही लापता थे। परिजनों और विभागीय अधिकारी उनकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। अब संदिग्ध अवस्था में शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में अंकित के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। उनके पैर और कोहनी पर चोटें मिली हैं। अंकित सिंह का एक जूता भी घटनास्थल से गायब बताया जा रहा है। संदिग्ध परिस्थितियों में अंकित सिंह की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अंकित की मौत सामान्य नहीं लगती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
अनुकंपा के आधार पर लगी थी नौकरी
वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार अंकित सिंह तोमर पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी जूझ रहे थे। उन्हें पैरालिटिक अटैक की समस्या थी। परिजनों के मुताबिक, हाल के दिनों में उनकी मानसिक और शारीरिक स्थिति भी कमजोर हो गई थी। अंकित की वर्ष 2018 में पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत पुलिस विभाग में नौकरी लगी थी।
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, अस्पताल के ICU में आग लगने से 7 लोगों की मौत
यह भी पढ़ें: आज केरल पहुंचेगा मानसून, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
यह भी पढ़ें: गाजीपुर: होटल कारोबारी हत्याकांड में बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर