गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने नोएडा में सांप्रदायिक हिंसा, गोलीबारी और मौतों को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को खारिज किया है।
नोएडा। गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने नोएडा में सांप्रदायिक हिंसा, गोलीबारी और मौतों को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को खारिज किया है। पुलिस ने कहा कि शहर में कथित तोड़फोड़ और टकराव से जुड़ी जानकारी पूरी तरह गलत है। इस मामले में भ्रामक जानकारी फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नोएडा पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर वायरल दावों पर सफाई दी। पुलिस के मुताबिक, नोएडा में तोड़फोड़ और टकराव की जो जानकारी प्रसारित की जा रही है, वह पूरी तरह झूठी है। पुलिस ने कहा कि मामले में सेक्टर-126 थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि सोशल मीडिया हैंडल के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाकर धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश रची गई।
जामिया मस्जिद को लेकर किया गया था दावा
पुलिस की यह सफाई सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के बाद आई। पोस्ट में दावा किया गया था कि नोएडा में जामिया मस्जिद गिराने को लेकर शुरू हुआ विवाद सांप्रदायिक हिंसा में बदल गया। इसमें गोलीबारी और लोगों की मौत होने के भी आरोप लगाए गए थे। हालांकि, नोएडा पुलिस ने इन दावों को गलत बताया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।
(ANI)
ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अत्याधुनिक AATAL लैब का किया उद्घाटन; दिल्ली-NCR में प्रदूषण के स्रोतों का चलेगा पता