जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग (मेथामफेटामिन) बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल बरामद किया है।
राजगढ़। जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग (मेथामफेटामिन) बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल बरामद किया है। जब्त किए गए केमिकल की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई राजस्थान सीमा से सटे इलाके में की गई, जिससे अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क की आशंका और गहराती नजर आ रही है।
मुखबिर से मिली सूचना
जानकारी के अनुसार, राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमडी ड्रग तैयार करने में उपयोग होने वाला केमिकल आदमपुरा के जंगल में छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जंगल से बड़ी मात्रा में संदिग्ध केमिकल बरामद किया गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह केमिकल एमडी जैसे सिंथेटिक ड्रग बनाने में इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी भारी मांग रहती है। प्रारंभिक आकलन में इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। केमिकल को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया गया है और नमूनों की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है।
आशंका, तस्करी का समान
चूंकि बरामदगी राजस्थान सीमा से सटे क्षेत्र में हुई है, इसलिए पुलिस को आशंका है कि यह केमिकल राजस्थान या अन्य राज्यों से तस्करी कर लाया गया होगा और यहां से ड्रग बनाने या आगे सप्लाई की योजना थी। इस एंगल से पुलिस अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि केमिकल किसका है, इसे यहां किसने और क्यों छिपाया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
नशा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में ड्रग्स और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mp-revenue-minister-karan-singh-verma-comments-on-corruption-urges-integrity/132512
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का भ्रष्टाचार पर विवादित बयान, ईमानदारी पर जोर