प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पहचान उजागर होने के डर से की हत्या

सिकरारा थाना क्षेत्र में उदयराज यादव की हत्या का खुलासा, महज 12 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र में दुकान के बाहर सो रहे उदयराज यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सिकरारा थाना क्षेत्र में उदयराज यादव की हत्या का खुलासा महज 12 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

घटनास्थल पर उपस्थित लोगों की भीड़ |

जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। सिकरारा थाना क्षेत्र के गोदाम चौराहा पर दुकान के बाहर सो रहे उदयराज यादव की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे चार आरोपियों ने पहचान उजागर होने के डर से उदयराज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

जांच के दौरान चार आरोपियों के नाम सामने आए

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जौनपुर के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को चार आरोपियों के नाम सामने आए।

चारों आरोपी नशे के आदी

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चारों नशे के आदी हैं और शराब के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी के चलते उन्होंने गोदाम चौराहा स्थित एक दुकान में चोरी की योजना बनाई। चोरी के दौरान पास में सो रहे उनके ही गांव के उदयराज यादव जाग गए। आरोपियों को डर था कि उदयराज उन्हें पहचान लेंगे। पुलिस के अनुसार इसी डर में चारों ने मिलकर उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद

पुलिस ने आकाश गौतम, शेर बहादुर उर्फ शेरा और सूरज गौतम को गिरफ्तार किया है, जबकि रामू गौतम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद की है। फिलहाल सिकरारा पुलिस ने मामले में सम्बंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़ेंः आजमगढ़ में लड़की का पिस्टल से फायरिंग करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस जांच में जुटी

Related to this topic: