राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मोहड़ के तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य दौलत राम आंचले पर वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मोहड़ के तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य दौलत राम आंचले पर वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। विभागीय जांच और अंकेक्षण रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया अनियमितता पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बिना अनुमति मदों से निकाले ₹5.44 लाख
जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार सिंह बघेल द्वारा जारी आदेश के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मोहड़ के तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य एवं व्याख्याता दौलत राम आंचले के खिलाफ विभागीय जांच में वित्तीय अनियमितता पाए जाने की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक, विद्यालय के विभिन्न मदों से मद प्रभारियों की जानकारी और अनुमति के बिना लगभग 5 लाख 44 हजार 500 रुपये आहरित किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद दो सदस्यीय जांच दल गठित कर मामले की जांच कराई गई।
बिना अनुमति और प्रस्ताव के निकाली गई शासकीय राशि
जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि संबंधित अधिकारी ने क्रय समिति की बैठक, प्रस्ताव और अनुमोदन के बिना विभिन्न मदों से शासकीय राशि का आहरण किया, जो वित्तीय नियमों के विपरीत माना गया है। जांच अधिकारियों ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसी आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने दौलत राम आंचले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एफआईआर के निर्देश, विभागीय जांच जारी
साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी डोंगरगांव को संबंधित पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय जांच की कार्यवाही आगे बढ़ाने के लिए संचालक लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर को भी प्रस्ताव भेजा गया है। फिलहाल मामले में विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी है और पुलिस में एफआईआर दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बगहा में आम के बगीचे की रखवाली कर रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या