उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 51 वर्षीय सुग्गन निवासी धरौरा, थाना लीलापुर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। वह हत्या के मामले में जेल में बंद था।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे बंदी सुग्गन अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। जेल में मौजूद चिकित्सकों ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
2011 के हत्या मामले में हुई थी सजा
सुग्गन के खिलाफ वर्ष 2011 में रायबरेली के सलोन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने 28 जनवरी 2025 को उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही उस पर 60 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। सजा मिलने के बाद से ही वह रायबरेली जिला कारागार में बंद था।
परिजनों को दी गई सूचना
जेल प्रशासन ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यह भी पढ़े: जन्मदिन के दिन ही देश के लिए शहीद हुए थे रामसमुझ यादव, कारगिल की जंग में 22 साल की उम्र में दिया सर्वोच्च बलिदान