शिवपुरी में विधायक प्रीतम लोधी ने बेटे दिनेश लोधी के गिरफ्तारी वारंट मामले में न्यायालय का सम्मान करने की बात कही। उन्होंने अपने पुराने कानूनी मामलों और बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी।
शिवपुरी (मध्य प्रदेश)। पिछोर विधायक के पुत्र दिनेश लोधी के गिरफ्तारी वारंट जारी होने के मामले में प्रीतम लोधी ने बेटे को न्यायालय का सम्मान करने की सलाह दी है। बातचीत में विधायक ने कहा कि मैंने हमेशा न्यायालय का सम्मान किया, तथा कई इनामी बदमाशों को सरेंडर करवा कर कानून की मदद की। उन्होंने पिछोर के पूर्व विधायक को क्रिमिनल कहने से भी परहेज नहीं किया।
पुराने मामले में वारंट जारी होने की बात कही
विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि दिनेश के खिलाफ कोई पुराना प्रकरण चल रहा है, जिसमें वो तारीख पर नहीं गया, इसलिए न्यायालय ने सही काम करते हुए वारंट निकाला है। बकौल प्रीतम, मैंने व उसकी मां ने भी कहा है कि न्यायालय में हाजिर हो जाओ। विधायक ने कहा कि मैंने हमेशा न्यायालय का सम्मान किया, तथा न्यायालय ने मुझे सभी मामलों में बरी भी कर दिया। एक जज ने तो मुझसे कहा था कि तुम आगे चलकर विधायक बनकर गरीबों की सेवा करोगे।
कानून की मदद करने का किया दावा
प्रीतम लोधी ने कहा कि मैं जब इनामी बदमाशों को लेकर थाने या चौकी में जाता तो पूरा थाना कांप जाता था, कि जिसे हम नहीं ढूंढ पा रहे, उसे प्रीतम अपने साथ लेकर हाजिर करवा रहा है। विधायक ने यहां तक कहा कि रामबाबू गडरिया एवं ददुआ को भी हाजिर कराने का प्रयास किया था, लेकिन उसमें सफल नहीं हो पाया था। प्रीतम ने कहा कि मैंने व मेरे परिवार ने हमेशा कानून की मदद की है, लेकिन मुझसे पहले जो कांग्रेस के विधायक थे, उन्होंने तो कोर्ट के बाबू का मर्डर कर दिया था। वो क्रिमिनल परिवार से आते हैं। ज्ञात रहे कि प्रीतम के छोटे बेटे दिनेश लोधी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट न्यायालय से जारी हुआ है तथा पुलिस रिकॉर्ड में दिनेश फरार है।
करेरा हादसे के बाद चर्चा में आया था दिनेश
विधायक पुत्र दिनेश लोधी करेरा में विधायक लिखी गाड़ी से टक्कर मारने के बाद चर्चा में आया था। उसके बाद करेरा पुलिस द्वारा परेड कराए जाने से खफा होकर विधायक ने जो कुछ कहा था, उसके बाद आईपीएस लॉबी मैदान में आ गई थी। जिसके बाद प्रीतम लोधी ने अपनी कही गई बातों पर खेद जताया था।
यह भी पढ़े: सुल्तानपुर में वांछित आरोपी सैफुल्लाह गिरफ्तार, मोतिगरपुर पुलिस ने न्यायालय भेजा