पचोर में UGC के नए प्रावधानों के विरोध में क्षत्रिय करणी सेना और स्वर्ण समाज ने शांतिपूर्ण रैली निकाली। संगठन ने नियमों को वापस लेने और शिक्षा में समानता व योग्यता को प्राथमिकता देने की मांग की।
राजगढ़: राजगढ़ के पचोर में UGC द्वारा लागू किए गए नए प्रावधानों को लेकर विरोध तेज होता नजर आ रहा है। सोमवार को समस्त संगठन क्षत्रिय करणी सेना एवं स्वर्ण समाज, जिला राजगढ़ (तहसील पचोर) के नेतृत्व में समाजजनों ने बोड़ा नाका से तहसील कार्यालय तक शांतिपूर्ण रैली निकालकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में UGC के नए प्रावधानों को वापस लेने की मांग की गई। संगठन का आरोप है कि इन प्रावधानों में स्वर्ण समाज के छात्र-छात्राओं के साथ भेदभाव किया गया है, जो भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 में वर्णित समानता के अधिकार का उल्लंघन है।
नए UGC नियमों के खिलाफ विरोध
संगठन ने कहा कि नए नियमों के कारण गरीब एवं मध्यमवर्गीय स्वर्ण समाज के विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर UGC के नियमों को लेकर चल रहे आंदोलन का भी समर्थन किया गया। ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से UGC के नए प्रावधानों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने (रोलबैक) और शिक्षा के क्षेत्र में योग्यता एवं समानता को प्राथमिकता देने की मांग की गई।
7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने चेतावनी दी कि अगर 7 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षत्रिय करणी सेना जिला राजगढ़ से दिल्ली तक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। संगठन ने इसके लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन एवं UGC अध्यक्ष, नई दिल्ली को भी भेजी गई है। वही प्रदर्शनकारी कलेक्टर को ही ज्ञापन देने पर अड़े रहे। तहसीलदार में पहुंचकर ज्ञापन लिया।
ये भी पढ़ें- जनता दर्शन' सीएम योगी की संवेदनशीलता ने जीता दिल, संकट में परिवार को मिला सहारा