प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

नोएडा एयरपोर्ट यूजर चार्ज पर सवाल

नोएडा एयरपोर्ट पर महंगे यूजर चार्ज को लेकर उठे सवाल

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले महीने शुरू होगा, लेकिन महंगे टिकट और भारी यूजर चार्ज को लेकर संचालन से पहले ही विवाद बढ़ गया है।

नोएडा एयरपोर्ट पर महंगे यूजर चार्ज को लेकर उठे सवाल

Jewar Airport |

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar Airport) से कमर्शियल फ्लाइट का शुभारंभ अगले महीने होने जा रहा है। एयरपोर्ट से उड़ानों का शेड्यूल जारी हो चुका है, लेकिन संचालन शुरू होने से पहले ही महंगी टिकट दरों और भारी यूजर चार्ज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

इंडिगो ने AERA को लिखी चिट्ठी

नोएडा से सबसे पहले विमान सेवा शुरू करने वाली इंडिगो एयरलाइंस ने Airports Economic Regulatory Authority (AERA) को पत्र लिखकर कहा है कि नोएडा एयरपोर्ट पर वैमानिकी शुल्क दिल्ली के IGI एयरपोर्ट की तुलना में 53% से 406% तक अधिक हैं। एयरलाइन का कहना है कि इतनी ज्यादा लागत एयरपोर्ट को संचालन के लिए कम आकर्षक बना देगी।

BJP विधायक धीरेंद्र सिंह ने जताई चिंता

जेवर के बीजेपी विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने भी भारी ‘यूजर डेवलपमेंट फीस’ (UDF) और महंगे हवाई किराए को लेकर उत्तर प्रदेश शासन को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि यूपी में ATF पर टैक्स बेहद कम होने के बावजूद जेवर से उड़ान भरना दिल्ली के मुकाबले ज्यादा महंगा पड़ रहा है।

शुरुआती वर्षों में शुल्क कम रखने की मांग

विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि शुरुआती वर्षों में एयरपोर्ट शुल्कों को तर्कसंगत बनाया जाए और उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से कम रखा जाए, ताकि यह आम जनता के लिए किफायती और सुविधाजनक बन सके। मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट पर डोमेस्टिक फ्लाइट के लिए UDF दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में 406% ज्यादा यानी लगभग 653 रुपये प्रस्तावित है, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर यह केवल 129 रुपये है।

यात्रियों पर बढ़ेगा बोझ

इंडिगो ने AERA को लिखे पत्र में कहा है कि इस अतिरिक्त शुल्क का सीधा असर यात्रियों पर पड़ेगा। एयरलाइन के अनुसार सिर्फ UDF के कारण इंडिगो को हर साल लगभग 103 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। जानकारी के मुताबिक 11 टन वजन वाले विमान की लैंडिंग फीस भी दिल्ली के मुकाबले नोएडा में 119% ज्यादा है। वहीं विमान पार्किंग शुल्क नोएडा एयरपोर्ट पर 6 घंटे के लिए करीब 14,500 रुपये है, जबकि दिल्ली में यही शुल्क लगभग 6,900 रुपये है।

टिकट किराए में दिखने लगा अंतर

दिल्ली और नोएडा एयरपोर्ट से टिकटों की कीमतों में अभी से बड़ा अंतर दिखाई देने लगा है। इंडिगो द्वारा जारी किराए के अनुसार नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ का टिकट लगभग 5,072 रुपये का है, जबकि दिल्ली से यही टिकट 3,600 से 4,300 रुपये के बीच उपलब्ध है।

ATF टैक्स कम फिर भी टिकट महंगे

गौरतलब है कि दिल्ली में एविएशन फ्यूल टैक्स लगभग 25% है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह केवल 1% है। इसके बावजूद नोएडा एयरपोर्ट से टिकट महंगे होना यात्रियों के बीच सवाल खड़े कर रहा है। बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह ने अपने पत्र में यह भी कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि नोएडा एयरपोर्ट के लिए अभी मेट्रो और रैपिड रेल जैसी मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी पूरी तरह तैयार नहीं है।

यात्रियों को समय और पैसा दोनों ज्यादा खर्च करना पड़ेगा

उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और NCR के यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ेगा। ऐसे में अगर टिकट के दाम भी दिल्ली से ज्यादा होंगे तो लोग नोएडा एयरपोर्ट की बजाय दिल्ली एयरपोर्ट को प्राथमिकता देंगे। एविएशन विशेषज्ञों का मानना है कि भारी शुल्क और महंगे किराए के कारण यात्रियों की संख्या प्रभावित हो सकती है, जो एयरपोर्ट के भविष्य के लिए चिंता का विषय बन सकता है। बीजेपी विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पूरी विसंगति को दूर करने और यात्रियों को राहत देने के लिए जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है।

यह भी पढ़े: RO-ARO भर्ती पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

https://www.primenewsnetwork.in/state/hc-stays-new-ro-aro-appointments-in-up/203105

Related to this topic: