रायबरेली के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए महिला को कथित रूप से ब्लैकमेल करने के बाद महाराष्ट्र से आए युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगा है।
रायबरेली: सोशल मीडिया पर शुरू हुई सिरफिरे आशिक की दीवानगी इस कदर बढ़ गई कि वह महाराष्ट्र से पीड़ित महिला के गांव तक तक पहुंच गया। इतना ही नहीं उस शख्स ने मौका पाकर महिला के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को भी अंजाम दिया। हालांकि, कानून के लंबे हाथों से आरोपी ज्यादा दिन बच नहीं पाया। गुरबख्शगंज पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी को धर दबोचा है।
अहमद हुसैन के रूप में हुई आरोपी की पहचान
इस मामले की जानकारी देते हुए सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय ने बताया कि गुरबक्शगंज थाने में पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सादिक पुत्र अहमद हुसैन निवासी लेन नंबर 11, अंसार नगर, थाना आजाद नगर, जिला धुले महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
लगभग एक साल से हो रही थी दोनों की बात
सीओ के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद सादिक बीते एक साल से इंस्टाग्राम पर पीड़िता को लगातार मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था। आरोपी पीड़िता की तस्वीरों को एडिट कर उसके पति के पास भेजने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। महिला ने परेशान होकर आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया था, लेकिन सिरफिरा आरोपी नए-नए नंबरों से कॉल करके लगातार धमकियां देता रहा।
जबरन घर में घुसकर किया दुष्कर्म
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। बीती 19 जुलाई को वह महाराष्ट्र से आकर पीड़िता के ही गांव में अपने किसी रिश्तेदार के घर ठहर गया। इसके बाद मौका पाते ही जबरन महिला के घर में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने गुरबख्शगंज थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई।
आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरबख्शगंज थाना प्रभारी की टीम (उ०नि० सचिन सिंह, आ० अरविंद गौड़, रि०आ० सक्षम दुबे) ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने रायबरेली-लालगंज हाइवे स्थित समसेर पुरवा मोड़ के पास से आरोपी मोहम्मद सादिक को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। बता दें, यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र का है।
ये भी पढ़ें- रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई का विरोध, महबूबा मुफ़्ती बोलीं- शिक्षण संस्थान को निशाना बनाना नफरत की राजनीति