उत्तर प्रदेश के रायबरेली (सरेनी) में सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में एक 50 वर्षीया महिला की कुएं में गिरने से मौत हो गई। संतुलन बिगड़ने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। पढ़ें पूरी खबर...
रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र से एक बेहद ही दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर 'रील' बनाने के बढ़ते क्रेज ने आज एक और हंसती-खेलती जिंदगी को लील लिया। सरेनी क्षेत्र के शिवपुरी गांव में रील बनाने के चक्कर में संतुलन बिगड़ने से एक 50 वर्षीया महिला कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी गांव की रहने वाली विनय तिवारी की 50 वर्षीया पत्नी रश्मि तिवारी सोशल मीडिया पर रील बनाने की काफी शौकीन थीं। मंगलवार को वह कुएं के समीप मोबाइल से रील बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गईं। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही सरेनी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को कुएं से बाहर निकाला और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
रील बनाने की शौकीन थी महिला- पुलिस
सरेनी थाना प्रभारी रमेश चंद्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि मृतका रील बनाने की शौकीन थी। कुएं के पास रील बनाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की वैधानिक जांच की जा रही है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद से शिवपुरी गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया की ये लत इस कदर भारी पड़ेगी, किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि रील्स या वीडियो बनाते समय अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और खतरनाक जगहों से दूरी बनाए रखें।