प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

लैंडिंग से पहले राहुल के विमान ने लगाया चक्कर

लखनऊ में लैंडिंग से पहले राहुल गांधी के विमान को हवा में लगाना पड़ा चक्कर

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी के मंगलवार को दिल्ली से लखनऊ आ रहे विमान को खराब मौसम की वजह से लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरने से पहले हवा में चक्कर लगाना पड़ा।

लखनऊ में लैंडिंग से पहले राहुल गांधी के विमान को हवा में लगाना पड़ा चक्कर

Rahul Gandhi Flight Circles Before Landing in Lucknow |

लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी के मंगलवार को दिल्ली से लखनऊ आ रहे विमान को खराब मौसम की वजह से लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरने से पहले हवा में चक्कर लगाना पड़ा। विमानन सूत्रों ने यह जानकारी दी। राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिन के दौरे पर जाने के लिए लखनऊ आ रहे थे। सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया की एयरबस ए320 उड़ान के पहुंचने का तय समय अपराह्न 3:30 बजे था, लेकिन यह चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर करीब अपराह्न 3:55 बजे उतरी।

खराब मौसम के कारण नहीं हो सकी पहली लैंडिंग

सूत्र ने कहा, ‘‘विमान तय समय से करीब 20-25 मिनट की देरी से दिल्ली से रवाना हुआ था। पहली बार संपर्क करने पर हल्की बारिश और कम वायुमंडलीय दबाव के कारण विमान उतर नहीं पाया और उसे हवा में चक्कर लगाना पड़ा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे मौसम में यह एक सामान्य प्रक्रिया है।’’

सात मिनट बाद सुरक्षित उतरा विमान

उन्होंने कहा, ‘‘हवा में चक्कर लगाने के करीब सात मिनट बाद विमान सुरक्षित रूप से उतर गया, जिसके बाद यात्री विमान से उतरे और अपनी-अपनी मंजिल के लिए रवाना हो गए।’’ विमान के उतरने के बाद हवाई अड्डे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय पार्टी नेताओं ने गांधी का स्वागत किया, जिनमें कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय समेत कई प्रमुख लोग शामिल थे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए रवाना हो गए।

रायबरेली में दो दिन का कार्यक्रम

लोकसभा में रायबरेली का प्रतिनिधित्व करने वाले गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। मंगलवार शाम को उनके पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय निवासियों और विभिन्न समूहों से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। बुधवार को वह जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होंगे और अपने संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

यह भी पढ़: नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, कई जिलों में महसूस हुए झटके

Related to this topic: