राजनांदगांव में तुमड़ीबोड़ पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और शांति भंग मामले में दो आरोपियों पर कार्रवाई की। एक ढाबा संचालक गिरफ्तार हुआ, दूसरे को न्यायालय भेजा गया।
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। जिले के तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई में कोहका स्थित एक ढाबे पर छापेमारी कर अवैध शराब बेच रहे संचालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरी कार्रवाई में गांव में शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक आरोपी को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
16 पौवा शराब और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर तुमड़ीबोड़ पुलिस ने ग्राम कोहका स्थित बिहार पटना ढाबा में दबिश दी। जांच के दौरान ढाबे की आड़ में अवैध रूप से शराब की बिक्री करते हुए संचालक रंजीत यादव को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 16 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 2.880 बल्क लीटर शराब तथा बिक्री की 900 रुपये नकद राशि जब्त की गई। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शांति भंग करने वाले आरोपी पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
वहीं दूसरी कार्रवाई में सांगिनकछार निवासी रिमन चंद्रवंशी के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी आए दिन ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और विवाद करता था। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश दी, लेकिन आरोपी पुलिस के सामने ही विवाद करने और मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबार और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में जून माह की पेंशन हुई जारी, 2.41 लाख हितग्राहियों के खातों में DBT से पहुंचे 33.29 करोड़ रुपये