अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजनांदगांव में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राजनांदगांव, (छत्तीसगढ़)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज राजनांदगांव में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के दिग्विजय कॉलेज स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ और निरोग जीवन का संदेश दिया गया।
लोगों ने किए विभिन्न योगासन और प्राणायाम
योग दिवस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि योग आज केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के 177 देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस को वैश्विक मान्यता मिली।
जिला प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां
कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से भी व्यापक तैयारियां की गई थीं। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
रमन सिंह ने राहुल गांधी पर कसा तंज
इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि राहुल गांधी को भी अनुलोम-विलोम करना चाहिए। योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ेंः मुस्लिम महिलाओं-छात्रों समेत हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास