बरेली रामगंगा नदी के लगातार हो रहे कटान से गोरा लोकनाथपुर गांव के पास बना पुल बुधवार सुबह क्षतिग्रस्त होकर शुरुआती हिस्सा कट गया।
बरेली {उत्तर प्रदेश}: बरेली रामगंगा नदी के लगातार हो रहे कटान से गोरा लोकनाथपुर गांव के पास बना पुल बुधवार सुबह क्षतिग्रस्त होकर शुरुआती हिस्सा कट गया। यह पुल मीरगंज और आंवला तहसील क्षेत्र को जोड़ता है। पुल के कटने से आवागमन बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को पुल की ओर जाने से रोक दिया।
कई दिनों से जारी था नदी का कटान
ग्रामीणों के मुताबिक रामगंगा पिछले कई दिनों से लगातार कटान कर रही थी। नदी का पानी पुल के आसपास तेजी से कटान कर रहा था। ग्रामीणों को पहले से ही आशंका थी कि यदि कटान इसी तरह जारी रहा तो किसी भी समय पुल को नुकसान पहुंच सकता है। बुधवार सुबह ग्रामीण जब पुल पर पहुंचे तो देखा कि रामगंगा के तेज कटान के कारण पुल मीरगंज तहसील की तरफ से कट गया है।
पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद जुटी भीड़
पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में भी लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को पुल के दूसरी ओर जाने से रोक दिया। प्रशासन की ओर से पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि कोई हादसा न हो।
बारिश और बढ़े जलस्तर से कटान तेज होने का दावा
ग्रामीणों का कहना है कि इस वर्ष हुई लगातार बारिश और रामगंगा में बढ़े जलस्तर के कारण नदी का कटान तेज हुआ है। इससे पहले भी नदी कई स्थानों पर खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों की जमीन को काट चुकी है। पुल के कटने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे ग्रामीण
इस दौरान मौके पर प्रमोद शर्मा, गजेंद्र कश्यप, भानु प्रताप सिंह फौजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: घाघरा की तेज कटान से 1100 साल पुराने बाबा नारायण दास मंदिर पर खतरा, प्रशासन ने शुरू किया बचाव कार्य