मैहर जिले में एक महिला के साथ दुराचार का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर मैहर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मैहर (मध्य प्रदेश)। मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुराचार का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर मैहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घर में अकेली पाकर महिला को बनाया निशाना
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) महेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मैहर निवासी एक विवाहित महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, बीते 13 मई को वह घर में अकेली थी, जबकि उसका पति नौकरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला संजू साहू (33 वर्ष) उसके घर पहुंचा और पानी मांगने लगा।
दुराचार के बाद आरोपी ने दी धमकी
महिला जैसे ही पानी लेने अंदर गई, आरोपी भी बहाने से घर के भीतर घुस आया और अकेलापन पाकर उसके साथ जबरन दुराचार किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी। डर और सामाजिक लोकलाज के कारण महिला लंबे समय तक चुप रही।
थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
बताया जा रहा है कि पति के घर लौटने के बाद पीड़िता ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। पति के हौसला देने पर दोनों सोमवार को कोतवाली थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
गिरफ्तारी के बाद न्यायालय ने भेजा जेल
सीएसपी महेंद्र सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी संजू साहू को मंगलवार सुबह उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बीयर नहीं मिलने पर युवक ने बार के कर्मचारी पर तान दी चाकू, पुलिस ने किया गिरफ्तार