रायबरेली में हाईवे पर बाइक सवार 3 बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी को पैर में गोली मारकर 20 लाख के जेवर व नकदी लूटे; जांच के लिए 5 पुलिस टीमें गठित।
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की रात बाइक सवार तीन बेखौफ बदमाशों ने एक सराफा व्यवसायी को सरेराह पैर में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग और पांच हजार रुपये की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। हाईवे पर हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घायल व्यवसायी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर से कुछ दूरी पहले हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी रमन सोनी (28 वर्ष), पुत्र ईश्वर दयाल, रतापुर चौराहे के समीप स्थित चमेला भवन के पास अपनी सराफा की दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार की रात करीब सवा नौ बजे वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पास एक बैग था, जिसमें दुकान के कीमती जेवरात और नकदी रखी हुई थी।
बदमाशों ने घेरकर चलाई गोली
जैसे ही रमन सोनी लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर छजलापुर के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। जब व्यवसायी ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली रमन के पैर में लगी, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश जेवरात और नकदी से भरा बैग छीनकर बाइक से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सराफा व्यवसायी को उनके घर से करीब 10 मीटर की दूरी पर गोली मारी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस, एसओजी और अन्य इकाइयों समेत पांच टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़े: 'बंटवारा 1947': सितारों के दमदार लुक