औरंगाबाद के रमेश चौक पर राजद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
औरंगाबाद: बिहार प्रदेश के निर्देश और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर आज औरंगाबाद के रमेश चौक पर राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हरे झंडे लहराए और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
राजद नेताओं ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान एक राजद के वरीय नेता इंजीनियर सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि हम लोग लोकतंत्र के हत्यारा ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर रहे हैं। 2023 में 101 सांसदों को सस्पेंड कर जो नियम बनाया गया कि चुनाव आयुक्त गिरफ्तार नहीं होगा, उसी समय शक की सुई घूम गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और बंगाल का चुनाव ज्ञानेश कुमार जीता रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो अनिश्चितकाल के लिए सड़क जाम किया जाएगा। वहीं, राजद नेता सह जिला पार्षद शंकर यादवेंदु ने कहा कि चुनाव आयोग SIR के नाम पर बिहार, बंगाल, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरीब, वंचित और असली मतदाताओं के नाम काट रहा है, जो लोकतंत्र की हत्या है।
राजद ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के तीन सहयोगियों ने भी इस पर नाराजगी जताई है, फिर भी मुख्य चुनाव आयुक्त पद पर बने हुए हैं। राजद ने मांग की है कि ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें, नहीं तो उनके खिलाफ महाभियोग लाया जाएगा और देशव्यापी आंदोलन होगा। नेताओं ने कहा कि राजद गांधीवादी और अहिंसात्मक तरीके से लोकतंत्र को बचाने के लिए बारिश-तूफान में भी सड़क पर उतरती रहेगी।
ये भी पढ़ें- बहराइच में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार