चंदौली में बारिश के दौरान अचानक मकान का छत गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। चकिया कोतवाली क्षेत्र के सोनहुल गांव में गुरुवार की देर शाम रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मकान के अंदर मौजूद 35 वर्षीय हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घायल को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया
मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल हिमांशु को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, सोनहुल गांव में गुरुवार की देर शाम मौसम खराब था और रुक-रुककर बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक मकान की छत भरभराकर नीचे गिर पड़ी।
आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था की। बताया जाता है कि हिमांशु अपने मकान में ही चाय-नाश्ते की दुकान चलाता था। इसी दुकान से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीण घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
मकान की छत गिरने से ग्रामीणों में चिंता
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष कैलाश जायसवाल और सोनहुल के पूर्व प्रधान संजय मौर्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और घायल के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। लगातार बारिश के बीच मकान की छत गिरने की इस घटना से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। फिलहाल हिमांशु को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ेंः सेमराखुर्द गांव में फंदे पर लटका मिला सिंघरीया नामक युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी