समस्तीपुर में दरवाजे पर सो रहे ग्रामीण डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली।
समस्तीपुर {बिहार}: समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र की परोरिया पंचायत के केशरोरा गांव में ग्रामीण चिकित्सक गुलजार अहमद उर्फ साहिन (50) की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। बेखौफ अपराधियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शुक्रवार देर रात दरवाजे पर सो रहे चिकित्सक की तीन गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
सुबह खून से लथपथ मिला शव
शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे, तब खून से लथपथ शव देखकर घटना की जानकारी हुई। इस खौफनाक वारदात के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर की महिलाएं और बच्चे बदहवास हैं और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई सीधी दुश्मनी नहीं थी, फिर भी इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई, यह समझ से परे है।
तीन खोखे बरामद, जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए थे। हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत के अनुसार, पुलिस की कई टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई हैं। आसपास के रास्तों के इनपुट खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि बदमाश किस रास्ते से आए और किधर फरार हुए। हालांकि, अब तक शूटरों या हत्या की साजिश रचने वालों का कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है।
जनाजे में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द से जल्द खुलासा कर हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही ग्रामीण चिकित्सक का शव गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में आज जनाजे की नमाज अदा की गई, जिसके बाद नम आंखों से उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और सभी ने इंसाफ की मांग की।
ये भी पढ़ें: परिचालन कारणों से एयर इंडिया एक्सप्रेस की पटना-दिल्ली उड़ान 21 और 22 सितंबर को रद्द