सहारनपुर पुलिस ने जानलेवा फायरिंग और मुठभेड़ मामले में फरार चल रहे आरोपी नाजिम को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। थाना बड़गांव पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान जानलेवा फायरिंग के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी नाजिम को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी नाजिम पुत्र कय्यूम निवासी ग्राम पंडौली, थाना नागल का रहने वाला है। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नरेंद्र भडाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पंडौली से आरोपी को गिरफ्तार किया। वह थाना नागल में दर्ज पुलिस मुठभेड़ और जानलेवा फायरिंग के मुकदमे (मु.अ.सं. 70/26) में वांछित था।
19 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर
पुलिस जांच में सामने आया कि नाजिम एक शातिर और अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं।
न्यायालय में किया जाएगा पेश
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी नरेंद्र भडाना, उपनिरीक्षक हितेश कुमार, कांस्टेबल अनुज कुमार और कांस्टेबल निकेत शर्मा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़े: मथुरा में भीषण सड़क हादसा: स्कूली बस की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो महिलाओं की मौत और 24 घायल