सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में वांछित आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नकुड़ थाना पुलिस ने आज सुबह मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, लूटे गए 10 हजार रुपये, आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
फंदपुरी-नकुड़ रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग
पुलिस के अनुसार आज सुबह थाना नकुड़ पुलिस टीम फंदपुरी-नकुड़ रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम जलालपुर की ओर से मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उसे रोकने और पूछताछ करने का प्रयास किया।
भागने के दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसली
पुलिस का दावा है कि संदिग्ध ने मोटरसाइकिल मोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और तेज गति से जलालपुर की ओर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती
आरोपी की पहचान मौहम्मद अली पुत्र नसीर, निवासी ग्राम मल्ला माजरा, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह नकुड़ थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 427/2026, धारा 309(4) बीएनएस में वांछित था। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार मौहम्मद अली के खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में IG किरण एस के काफिले की 4 गाड़ियां आपस में भिड़ीं, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी