सहारनपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय पशु चोर गिरोह का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 15 चोरी की भेड़ें, एक पिकअप वाहन और एक बाइक बरामद की है।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद की थाना नकुड़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 15 भेड़ें, एक पिकअप वाहन और चोरी की रकम से खरीदी गई एक बाइक बरामद की है। जबकि गिरोह का एक सदस्य पुलिस पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने की तत्काल मुकदमा दर्ज
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 16 जून को थाना नकुड़ क्षेत्र में भेड़ चोरी की घटना सामने आई थी। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर सीओ नकुड़ पवन कुमार के निर्देशन में थाना पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम को खुलासे में लगाया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, बीटीएस डाटा और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि वही गिरोह फिर से क्षेत्र में वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है।
बदमाशों ने किया भागने का प्रयास
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने में सफलता हासिल कर ली, जबकि छह आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में चार हरिद्वार, एक शामली और एक गाजियाबाद का निवासी है। पूछताछ में आरोपियों ने नकुड़ क्षेत्र में हुई भेड़ चोरी की वारदात के अलावा कुछ दिन पहले हुई भैंस चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गिरोह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सक्रिय था तथा चोरी किए गए पशुओं को दिल्ली की पशु मंडियों में खपाया जाता था। गिरोह का एक सदस्य पशुओं की बिक्री और नेटवर्क संचालित करने में अहम भूमिका निभाता था।
फरार आरोपी और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब फरार आरोपी समेत गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु चोरी की कई बड़ी वारदातों पर रोक लग सकेगी।
यह भी पढ़ें: सूरजपुर में पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 8 आरोपी गिरफ्तार