प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पंजाब चुनाव के चलते हुई गिरफ्तारी: सत्येंद्र जैन

दिल्ली जल बोर्ड घोटाला: ACB ने सत्येंद्र जैन को किया गिरफ्तार, AAP ने बताया पंजाब चुनाव से जुड़ी साजिश

दिल्ली जल बोर्ड केस में गिरफ्तार पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने दावा किया कि उनकी गिरफ्तारी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर की गई है। कोर्ट में सुनवाई से पहले वकील ने भी सवाल उठाए। पढ़ें पूरी खबर।

दिल्ली जल बोर्ड घोटाला acb ने सत्येंद्र जैन को किया गिरफ्तार aap ने बताया पंजाब चुनाव से जुड़ी साजिश

Satyendar Jain produced in Rouse Avenue Court |

नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) द्वारा गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने बुधवार को कहा कि उनकी गिरफ्तारी आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों से जुड़ी है। DJB के कथित घोटाले के मामले में कोर्ट की सुनवाई शुरू होने से पहले सत्येंद्र जैन की ओर से सीनियर वकील मनिंदर सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का उल्लंघन हुआ है। गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए गए हैं।

ACB ने कई आरोपियों को कोर्ट में किया पेश

ACB ने सत्येंद्र जैन सहित अन्य आरोपियों को भी राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया है। अन्य आरोपियों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय (IAS), दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, M/s AN एंटरप्राइजेज के मालिक नागेंद्र यादव, M/s यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा, और M/s सृजनहार के मालिक पंकज वर्मा का नाम शामिल है। इन्हें ACB की उस FIR के तहत गिरफ्तार किया गया है जो 11.05.2024 को प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 7, 7A, 9, 13 और IPC की धारा 42, 409, 418, 120-B के तहत दर्ज की गई थी।

DJB टेंडर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप

जैन को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) को बढ़ाने और अपग्रेड करने से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, टेंडर की शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस बीच, AAP नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने जैन की गिरफ्तारी को 'BJP की साजिश' और 'विच-हंट' (राजनीतिक द्वेषपूर्ण कार्रवाई) करार दिया और आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव से पहले उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

आतिशी ने गिरफ्तारी को BJP की साजिश बताया

आतिशी ने कहा, "आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी BJP की साजिश और 'विच-हंट' का हिस्सा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कथित घोटालों के बावजूद BJP के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है और उन्होंने जैन की गिरफ्तारी की तुलना 2022 में हुई उनकी पिछली गिरफ्तारी से की। आतिशी ने कहा, "दूसरी ओर, हम वही सब फिर से होते देख रहे हैं जो 2022-23 में हुआ था। तब सत्येंद्र जैन को एक मनगढ़ंत मामले में फंसाया गया था। उन्हें दो साल तक जेल में रखा गया और बाद में पता चला कि कोई सबूत नहीं था और उनकी गिरफ्तारी गलत थी।"

AAP ने पंजाब की जनता से दिया करारा जवाब देने का भरोसा

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि, "जैन को उस समय निशाना बनाया गया था जब वह हिमाचल प्रदेश के लिए पार्टी के प्रभारी थे। उन्होंने दावा किया कि इस कदम का मकसद वहां चुनाव में बाधा डालना था। अब, पंजाब के सह-प्रभारी के तौर पर जहां फरवरी में चुनाव होने हैं, उन्हें एक बार फिर BJP की साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है।" आतिशी ने आगे कहा, "पंजाब की जनता राज्य में आम आदमी पार्टी और उसकी सरकार को बेवजह परेशान करने की इन ओछी और साजिशी कोशिशों का अपनी ताकत से करारा और मुंहतोड़ जवाब देगी।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार की साइकिल खरीद पर सवाल उठाए

Related to this topic: