रोहतास में बच्चों से भरी एक स्कूल बस पलट गई, जिसमें चालक सहित कुछ बच्चे घायल हुए, लेकिन सभी की हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
रोहतास,(बिहार)। कोचस प्रखंड क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब डीपीएस स्कूल की बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस चालक सहित कुछ बच्चे घायल हो गए। घटना सिवन और जलालपुर गांव के बधार स्थित लिंक रोड पर हुई।
बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
अनफिट और जर्जर वाहनों के संचालन का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि डीपीएस स्कूल द्वारा लंबे समय से अनफिट और जर्जर वाहनों का संचालन किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि बसों की तकनीकी जांच और फिटनेस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे बच्चों की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस की जांच कराने की मांग की है।
मामले की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और फिटनेस जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने भी प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्कूल बसों की जांच कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में 25-26 जुलाई को सभी स्कूल-कॉलेज बंद, इंटरनेट सेवा रहेगी जारी