शाजापुर के कालापीपल थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 5 किलो गांजा बरामद किया गया है।
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालापीपल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 5.किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1,00,000 बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शुजालपुर निमेश देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रवि भंडारी के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस को 5 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कुरावर रोड, भेसाया गढ़ा जोड़ के पास पल्सर मोटरसाइकिल से अवैध गांजा लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पंचों की मौजूदगी में पकड़ लिया गया।
आरोपी के पास से मिला गांजा, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम जाहिद उर्फ कामिल खां निवासी ग्राम नांदनी थाना कालापीपल बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद झोले से 5 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में थाना आष्टा जिला सीहोर के लूट व धोखाधड़ी के मामले में 7 साल की सजा काट चुका है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अभियान में 35 गिरफ्तार और भारी मात्रा में शराब बरामद