शाजापुर पुलिस ने मोहन बड़ोदिया क्षेत्र से लापता 15 वर्षीय नाबालिग को 24 घंटे में सकुशल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में ओमनी वैन भी जब्त की गई है।
शाजापुर (मध्यप्रदेश)। जिले के मोहन बड़ोदिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयुक्त ओमनी वैन भी जब्त की है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की
प्राप्त जानकारी अनुसार 22 जून को फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों को आशंका थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी। नाबालिग की शीघ्र बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक शाजापुर ने 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी।
साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर की टीम ने सक्रियता दिखाई। साइबर सेल शाजापुर की तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम झारला थाना कानड़, जिला आगर-मालवा से अपहृता को बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मौके से पुलिस ने आरोपी कमल, पिता रतनलाल मालवीय और अरमान, पिता जाकिर खान दोनों निवासी कानड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई ओमनी वैन को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: गोपालपुरा बाइपास में ट्रोले ने बाइक सवार युवक और मासूम को कुचला, दोनों की मौत