प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जहरीले सांप के काटने से महिला की मौत

शाजापुर: जहरीले सांप के काटने से महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

शाजापुर के तिंगजपुर गांव में जहरीले सांप के काटने से ममता बाई की मौत हो गई। वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ सो रही थीं। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किया गया।

शाजापुर जहरीले सांप के काटने से महिला की मौत दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Shajapur: Woman Dies After Venomous Snake Bite, Village in Mourn |

शाजापुर (मध्यप्रदेश)। जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के ग्राम तिंगजपुर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में जहरीले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के समय महिला अपने घर में दो छोटे बच्चों के साथ सो रही थी। सांप के डसते ही महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांप को हटाया। गंभीर हालत में महिला को तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल शाजापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जहरीला सांप घर में ममता बाई के पैर में डसा

जानकारी के अनुसार मृतका ममता बाई (पत्नी राधेश्याम मेवाड़ा), निवासी पिपली मोहल्ला, ग्राम तिंगजपुर मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने घर में सो रही थीं। उनके पास ही उनकी छह वर्षीय बेटी आरती और दो वर्षीय पुत्र अनमोल भी सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीला सांप घर में घुस आया और ममता बाई के पैर में डस लिया।

अस्पताल ले जाते वक्त हुई काफी देर 

दर्द से तड़पती महिला के शोर मचाने पर परिजन जागे और सांप को पैर से अलग किया। इसके बाद बिना समय गंवाए उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल शाजापुर ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, गांव में शोक

बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, बच्चों से छिना मां का साया

बताया जा रहा है कि मृतका के पति राधेश्याम मेवाड़ा मजदूरी के सिलसिले में दूसरे गांव जाते हैं। ममता बाई की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सबसे अधिक मार उनके दो मासूम बच्चों पर पड़ी है, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। गांव में घटना के बाद शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ेंः   घर की मरम्मत कर रहे 16 वर्षीय बालक कि करंट लगने से मौत, पुलिस कर रही मामले की जांच

Related to this topic: