शिमला जिला पुलिस ने 9.28 किलोग्राम अफीम और ₹12 लाख की नकदी के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नारकंडा क्षेत्र में नाका लगाकर की गई थी।
शिमला (हिमाचल प्रदेश)। नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में शिमला जिला पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के कब्जे से 9.28 किलोग्राम अफीम और ₹12 लाख की नकदी बरामद हुआ है। यह कार्रवाई नारकंडा क्षेत्र में नाका लगाकर की गई थी। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर डिटेक्शन सेल, रामपुर की टीम ने नारकंडा में नाका लगाकर एक इनोवा को रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर तीन नेपाली नागरिकों के कब्जे से 9.28 किलोग्राम अफीम और ₹12 लाख नकद बरामद हुए। इसके बाद तीनों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
तीन नेपाली नागरिक गिरफ्तार, केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय एन बहादुर उर्फ राजू पुत्र रवि लाल, 25 वर्षीय चक्र बहादुर पुत्र पूर्णा बहादुर और 44 वर्षीय मोहन साही पुत्र चक्र बहादुर शाही के रूप में हुई है। तीनों नेपाल के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस ने थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है, ताकि इस तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके पीछे के अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस का सख्त संदेश
शिमला जिला पुलिस के अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि 9 किलो से अधिक अफीम की यह बरामदगी नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता है। पूरे नेटवर्क के खात्मे के लिए प्रयास और तेज किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/ncb-arrests-key-myanmar-drug-trafficker-lalhmingsanga/156756
भारत-म्यांमार सीमा से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर लालह्मिंगसांगा गिरफ्तार