शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में 20 वर्षीय युवक का शव मिला है।
शिवपुरी,(मध्य प्रदेश)। शहर के देहात थाना क्षेत्र में हवाई पट्टी के पीछे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में एक 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान जाहिद के रूप में हुई है, जो पिछले 24 घंटे से अपने घर से लापता था।
मानसिक रूप से अस्वस्थ था मृतक
परिजनों के अनुसार, जाहिद बुधवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और पहले भी कई बार बिना बताए घर से निकल जाता था। साथ ही उसे बोलने में भी कठिनाई होती थी। परिवार के लोग बुधवार से ही उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची
हवाई पट्टी के पीछे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान परिजनों ने भी घटनास्थल पहुंचकर शव की पहचान जाहिद के रूप में की। देहात थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मामले की जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है, कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ेंः शिवपुरी में महिला से कथित अभद्रता के विरोध पर दंपति पर हमला, एसपी से कार्रवाई की मांग