शिवपुरी के नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त किया है। चोरी गई तोप की तलाश अभी जारी है।
शिवपुरी (मध्य प्रदेश)। नरवर किले से 400 साल पुरानी ऐतिहासिक तोप चोरी के चर्चित मामले में शिवपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिवपुरी पुलिस और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि चोरी गई तोप अभी बरामद नहीं हुई है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
पुलिस के अनुसार, पुरातत्व विभाग में चौकीदार रमेश कोली ने 16 जुलाई को थाना नरवर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई की शाम ड्यूटी समाप्त कर लौटने के बाद जब वह अगले दिन सुबह कचहरी महल पहुंचे तो वहां रखी 14 तोपों में से एक ऐतिहासिक तोप गायब थी। अज्ञात बदमाश रात के समय तोप चोरी कर ले गए थे। इस पर थाना नरवर में अपराध क्रमांक 128/26 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
फरार आरोपियों पर पहले ₹10 हजार का इनाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी डॉ. असित यादव तथा पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। फरार आरोपियों पर पहले ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर ₹30 हजार कर दिया गया।
राजस्थान स्थानीय पुलिस की मदद से चलाया गया संयुक्त अभियान
जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से CCTV फुटेज और टोल प्लाजा कैमरों की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप (RJ34GA2980) की पहचान हुई। वाहन का पीछा करते हुए पुलिस टीम राजस्थान के करौली जिले पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से संयुक्त अभियान चलाया गया।
पुलिस ने सुचना के बाद की घेरबंदी
25 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने पर नरवर और सुभाषपुरा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर अमन कुमार मीणा और टिम्मू राम मीणा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त करीब 6 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी
- अमन कुमार पुत्र मोहनलाल मीणा, निवासी पालनपुर, थाना सदर हिण्डौन, जिला करौली (राजस्थान)
- टिम्मू राम पुत्र भूरा राम मीणा, निवासी गांवडा मीना, थाना सदर, जिला करौली (राजस्थान)
मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। चोरी गई ऐतिहासिक तोप की बरामदगी के लिए पुलिस टीम राजस्थान के करौली जिले में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही तोप बरामद कर शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: नाबालिग से दुष्कर्म के दोनों आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली