बांका के अमरपुर में ग्राहक बनकर आए युवक ने इलेक्ट्रिक सामान चोरी करने की कोशिश की। दुकानदार ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बांका (बिहार)। जिला के अमरपुर शहर के सिहुड़ी मोड़ स्थित न्यू सनलाईट इलेक्ट्रिक दुकान में मंगलवार की सुबह चोरी की कोशिश करते एक युवक को दुकानदार ने रंगेहाथ पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। दुकानदार अमित कुमार के अनुसार, युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और बोर्ड व अन्य सामान दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार सामान निकालने लगा, युवक ने दुकान में रखी ड्रिल मशीन और अन्य इलेक्ट्रिक सामान बोरे में भरकर भागने की कोशिश की।
दुकानदार ने पीछा कर युवक को पकड़ा, पुलिस ने लिया हिरासत में
दुकानदार की नजर पड़ते ही उसने युवक को खदेड़कर पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर जुट गए और डायल-112 को सूचना दी। सूचना पर पीटीसी राकेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में ले लिया।
आरोपी से पूछताछ जारी
पूछताछ में युवक ने अपना नाम छोटू मंडल और घर फतेहपुर बताया है। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दुकानदार के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश में बड़ा अपडेट, सोनीपत से साहिल गिरफ्तार