उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में बौद्ध परिपथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-730) पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
श्रावस्ती {उत्तर प्रदेश }: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में बौद्ध परिपथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-730) पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने की भीषण टक्कर में दो ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सड़क किनारे घर के बाहर सो रहा एक परिवार भी हादसे की चपेट में आ गया। दुर्घटना में पति-पत्नी, उनका 13 वर्षीय बेटा और एक खलासी समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लकड़ियों से लदा ट्रक परिवार पर पलटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहे दोनों ट्रकों की जोरदार भिड़ंत के बाद उनके परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान लकड़ी से लदा एक ट्रक पलट गया और उसमें लदी लकड़ियां सड़क किनारे घर के बाहर चारपाई पर सो रहे परिवार पर जा गिरीं। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए।
घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रकों में फंसे दोनों चालकों के शव बाहर निकाले। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों और सड़क पर बिखरी लकड़ियों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार या वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षित संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े: चंदौली में हत्या का 50 हजार का इनामी आरोपी मंगरु मुसहर गिरफ्तार, गुजरात से लौटने पर दबोचा