श्रावस्ती में पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने नेपाल सीमा के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 102.75 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी कीमत करीब 20.55 लाख रुपये बताई गई है।
श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मल्हीपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने दोनों के कब्जे से कुल 102.75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से एक हीरो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पुलिस-एसएसबी ने चलाया संयुक्त चेकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर महेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
नेपाल जाने की सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से स्मैक लेकर नेपाल की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने ग्राम बेलरी के समीप नेपाल जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
दोनों आरोपियों से 102.75 ग्राम स्मैक बरामद
कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे दो संदिग्ध युवकों को टीम ने रोक लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान वाजिद अली पुत्र शाबित अली के कब्जे से 49.25 ग्राम तथा आबिद अली पुत्र हैदर अली के पास से 53.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपी सागर गांव, थाना मल्हीपुर के निवासी बताए गए हैं।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज, कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की कुल मात्रा 102.75 ग्राम है। इसके साथ एक हीरो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना मल्हीपुर में मु0अ0सं0 140/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और एसएसबी की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
यह भी पढ़े: NHRC के आरोपों के बीच गुरप्रीत कौर ने पूर्व जस्टिस रंजीत सिंह को भेजा कानूनी नोटिस, 24 घंटे में जवाब मांगा