सीतापुर में पैन कार्ड बनवाने के नाम पर आधार और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम व बैंक खाते खोलने वाले गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।
सीतापुर (उत्तर प्रदेश)। सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र में पैन कार्ड बनवाने के नाम पर ग्रामीणों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते खोलने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीणों से आधार लेकर बायोमेट्रिक मशीन पर लगवाया अंगूठा
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को ग्राम खुर्शीदाबाद के ग्रामीणों ने पैन कार्ड बनाने के नाम पर दस्तावेज जुटा रहे कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। थाना मिश्रिख पुलिस और साइबर टीम की पूछताछ में सामने आया कि हरदोई जिले के कुछ लोग ग्रामीणों से आधार कार्ड लेकर बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा रहे थे।
70 ग्रामीणों के दस्तावेजों के दुरुपयोग का खुलासा
जांच में करीब 65 से 70 ग्रामीणों के आधार और बायोमेट्रिक का उनकी जानकारी या सहमति के बिना इस्तेमाल कर सिम कार्ड और बैंक खाते खोले जाने की बात सामने आई है। एक ग्रामीण को अपने आधार नंबर से पहले से एयरटेल सिम जारी होने की जानकारी मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और बायोमेट्रिक मशीन बरामद
पुलिस ने करन कुमार, अभिषेक और हरिश्चन्द्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, पुराना रजिस्टर, पैन कार्ड बनाने की रसीद, तीन आधार कार्ड और स्टाम्प बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और खोले गए सिम व बैंक खातों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में चेकिंग के दौरान अवैध तमंचे के साथ शातिर चोर गिरफ्तार, .315 बोर का कारतूस बरामद