थाना एलाऊ क्षेत्र के नगला अनी गांव में बिजली की केबल डालने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है।
मैनपुरी {उत्तर प्रदेश}: थाना एलाऊ क्षेत्र के नगला अनी गांव में बिजली की केबल डालने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के नेतृत्व में गांव पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
बिजली की केबल को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को गांव नगला अनी में बिजली की केबल डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान अनुसूचित जाति के विकास कुमार, पुत्र छोटेलाल, गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 5 जुलाई की देर शाम सैफई मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। अगले दिन शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने किशनी-मैनपुरी मार्ग स्थित लेखराजपुर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया था। प्रशासन द्वारा कार्रवाई और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ और अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस
मंगलवार दोपहर राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के साथ पूर्व विधायक आलोक कुमार शाक्य, मिठाई लाल भारती, बृजेश कठेरिया, राघवेंद्र गौतम, मुकुल यादव, राजू यादव, श्याम करण शाक्य, अशोक जाटव समेत कई सपा नेता गांव पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने मृतक विकास कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
रामजीलाल सुमन ने सरकार और पुलिस पर उठाए सवाल
राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस की लापरवाही के कारण एक गरीब युवक की जान चली गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में नामजद सभी आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से अधिकतम आर्थिक सहायता दी जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
अधिकारियों से की कार्रवाई और मदद की मांग
राज्यसभा सांसद ने मौके पर मौजूद एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी से पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। वहीं सीओ सिटी से पूरे मामले की जानकारी लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निर्दोष लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किए जाने की बात कही। सपा प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़े: सीतापुर में कर्मचारी की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने एसपी कार्यालय का किया घेराव