सपा सांसद सनातन पांडेय ने BJP पर निशाना साधते हुए राम मंदिर निर्माण के चंदे में कथित धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने अयोध्या में मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुई कार्रवाई को संवैधानिक कदम बताया।
बलिया: बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने अपने बयान में अयोध्या में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुई कार्रवाई को पूरी तरह से संवैधानिक मर्यादा के तहत उठाया गया अनिवार्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि संविधान और न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराना किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति और प्रशासनिक तंत्र का प्राथमिक दायित्व होता है, जब कुछ असामाजिक संगठनों ने कानून की अवहेलना करते हुए विवादित स्थल पर तोड़फोड़ शुरू की थी, तब कानून के राज और संविधान की रक्षा के लिए तत्कालीन सरकार ने आवश्यक कदम उठाए।
राम मंदिर चंदे को लेकर सपा सांसद का BJP पर हमला
भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा का कोई खास वजूद नहीं था। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश के भीतर केवल हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण की राजनीति करती है, जबकि पड़ोसी देश बांग्लादेश में लगातार प्रताड़ित हो रहे हिंदू अल्पसंख्यकों के हक में केंद्र सरकार कोई भी ठोस कदम नहीं उठाती। राम मंदिर दर्शन पर माफी मांगने के सवाल को सिरे से खारिज करते हुए सपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से अपने पुरखों, देवी-देवताओं और आस्था का सम्मान करती आई है, लेकिन किसी को कब और कहां दर्शन करने जाना है, यह तय करने का अधिकार भाजपा को नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर जुटाए गए चंदे में बड़े स्तर पर धांधली हुई है और प्राथमिकी तक दर्ज हुई है, इसलिए जनता को धोखा देने के लिए सत्ताधारी दल के नेताओं को माफी मांगनी चाहिए।
2027 चुनाव को लेकर सपा सांसद का BJP पर हमला
इसके साथ ही उन्होंने देश की साझी संस्कृति पर जोर देते हुए कहा कि दीपावली और ईद पर परस्पर मेलजोल और सौहार्द ही भारत के लोकतंत्र की असली खूबसूरती और पहचान है। उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए सांसद ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की नीतियों से पूरी तरह तंग आ चुकी है। अगली बार योगी सरकार की विदाई निश्चित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबों की झोपड़ियों और मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर किया जा रहा है, जबकि सपा सरकार के दौरान 55 लाख गरीब महिलाओं को मासिक पेंशन दी जाती थी। कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका अंतिम फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में दीपावली की रात हत्या, भाइयों का झगड़ा शांत कराने पहुंचे व्यक्ति की मौत