पूरनपुर में तेज रफ्तार कार 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकरा गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया और बाद में बरेली रेफर किया गया।
पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)। पूरनपुर में एक हादसे से हड़कंप मच गया, यहां अचानक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार एक कार 11 हजार वोल्ट के बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में कार सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और पांचो कार के अंदर ही फंस गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का पोल टूटक़र सड़क पर गिर गया, जिससे सड़क से चिंगारियां उठने लगी। सड़क पर करंट दौड़ने के कारण रेस्क्यू करना मुश्किल था।
बिजली बंद कर घायलों का रेस्क्यू
पुलिस ने बिजली विभाग फोन क़र पहले बिजली की आपूर्ति बंद कराई। फिर पुलिस और गौसेवा टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू क़र कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी लोग लखनऊ से पीलीभीत अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी पूरनपुर-खुटार आसाम हाईवे पर छीना पैलेस के पास ये हादसा हो गया।
हादसे में पांच लोग घायल
इस सड़क हादसे में आशीष सिंह चौहान निवासी गोदावरी कालोनी पीलीभीत, आशीष पाल निवासी नौगवां पकड़िया, श्रीकृष्ण निवासी नौगवां चौराहा पीलीभीत, हरनाम सिंह निवासी बांसखेड़ा मथना जप्ती थाना माधोटांडा और जय सिंह निवासी रूपपुर पीलीभीत घायल हुए है। सभी लोग लखनऊ गए थे और वापस पीलीभीत लौटे थे और इस हादसे का शिकार हो गए।
घायलों को बरेली किया गया रेफर
हादसे की जानकारी राष्ट्रीय बजरंग दल के गौरक्षा जिला प्रमुख शिवम सिंह भदौरिया को मिली थी, उस वक़्त वह टीम के साथ जियो पेट्रोल पंप के पास मौजूद थे। सूचना मिलते ही शिवम सिंह भदौरिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली और पांच घायल अंदर फंसे हुए थे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और रेस्क्यू के बाद सभी को अस्पताल भेजा गया है जहां से हालत को गंभीर देख सभी को जिला अस्पताल के बाद बरेली रेफर किया गया है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में मिठाई खाने से 6 लोग बीमार, खाद्य विभाग पर लापरवाही का आरोप