प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दर्दनाक सड़क हादसा

औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाईवा ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत

औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से साइकिल सवार प्रमोद मेहता की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाईवा ने साइकिल सवार को कुचला मौके पर मौत

Speeding Hiwah Hits Cyclist in Aurangabad, Victim Dies on Spot |

औरंगाबाद (बिहार)। कुटुंबा थानाक्षेत्र के दधपा-अंबा-नवीनगर मुख्य पथ पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ब्रह्म स्थान के समीप तेज रफ्तार हाईवा ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रमोद मेहता (45 वर्ष) के रूप में की गई है, जो कुटुंबा थाना क्षेत्र के तमसी गांव का निवासी बताया जाता है।

पीछे से आए हाईवा ने मारी जोरदार टक्कर, चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रमोद मेहता अपनी साइकिल से दधपा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए और साइकिल सवार हाईवा के चक्के के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम

इधर, हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर दधपा-अंबा-नवीनगर पथ को ब्रह्म स्थान के पास जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हाईवा जब्त

घटना की सूचना मिलते ही कुटुंबा थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया गया है।

फरार चालक की तलाश जारी, दो घंटे बाद हटाया गया जाम

थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पथ पर आए दिन तेज रफ्तार हाईवा और ट्रकों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। 

यह भी पढ़ें:    इटावा में अवैध तमंचा और कारतूस के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

Related to this topic: