विख्यात देवी धाम विंध्याचल क्षेत्र में इन दिनों दबंगों बदमाशों का बोलबाला चल रहा है, कायदे-कानूनों की तो मानों सरेराह धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
मिर्जा़ापुर {उत्तर प्रदेश}: विख्यात देवी धाम विंध्याचल क्षेत्र में इन दिनों दबंगों बदमाशों का बोलबाला चल रहा है, कायदे-कानूनों की तो मानों सरेराह धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वह देवी धाम जहां लाखों की भीड़ उमड़ती है उस क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल दूर दराज से आने वाले भक्तों को भयभीत कर दे रहा है। विंध्याचल कस्बे में दबंगई का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि चलती कार से गुटखा खाकर थूकने का विरोध करने पर कुछ दबंग युवकों ने बाइक सवार युवक के साथ जमकर मारपीट की। घटना विंध्याचल के रेहड़ा चुंगी के पास की बताई जा रही है। घटनाक्रम का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जाने लगे हैं।
गुटखा थूकने का विरोध करने पर रोकी कार
जानकारी के अनुसार मोतिया झील मार्ग विंध्याचल निवासी विकास कुमार पुत्र लखन निषाद बीती रात बाइक से शिवपुर की तरफ से आ रहे थे। आरोप है कि रेहड़ा चुंगी के पास कार सवार कुछ युवकों ने चलती कार से गुटखा खाकर थूक दिया, जो विकास कुमार के ऊपर आकर गिरा। युवक ने जब इसका विरोध किया तो कार रोककर उसमें सवार युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
युवक ने लगाए नशे में होने के आरोप
पीड़ित के मुताबिक, युवक नशे की हालत में थे और विरोध करने पर उसे लगातार कई थप्पड़ मारे गए। इसी दौरान एक थप्पड़ उसकी आंख पर भी लग गया, जिससे उसकी आंख चौंधिया गई। चोट लगने के बाद वह बाइक छोड़कर नीचे बैठ गया और अपनी आंख को सहलाता रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा है कि विंध्याचल कस्बे में तेज रफ्तार और दबंगई से वाहन चलाने वाले कुछ युवकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से राहगीरों में भय बना हुआ है।
तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग
आरोप है कि कई बार तेज रफ्तार वाहन राहगीरों को टक्कर मारते-मारते बच जाते हैं और दुर्घटना होने पर वाहन चालक मौके से फरार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों और दबंग युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि कस्बे में कानून व्यवस्था और आम राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
यह भी पढ़ें: मुरादाबाद में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर गला घोंटकर हत्या का आरोप